विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिजनों की जांच की मांग

 


हाथरस, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले की सहपऊ कोतवाली क्षेत्र के करकौली गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। रूबी पत्नी विजय शर्मा उर्फ लाला का शव सोमवार देर शाम घर के एक कमरे में पंखे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

मंगलवार को मृतका के मायके पक्ष के लोग बड़ी संख्या में सहपऊ कोतवाली पहुंचे और जमकर हंगामा किया। परिजनों का आरोप है कि रूबी को विवाह के बाद से लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और उसकी मौत सामान्य नहीं, बल्कि सुनियोजित हत्या है। उन्होंने मृतका के जेठ सहित ससुराल पक्ष के कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक तथा चर्चा का माहौल बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना