ग्रामीणों ने आरोपों की जांच के लिए कोतवाली पहुंच कर किया प्रदर्शन
हाथरस, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद क्षेत्र के गांव सलेमपुर के ग्रामीणों ने रविवार काे थाना पहुंच कर विराेध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि एक परिवार द्वारा गांव के एक युवक पर छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाकर उसे हिरासत में लिया गया। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच और गांव का माहौल खराब करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार गांव में रहने वाला एक विस्थापित परिवार आए दिन किसी न किसी ग्रामीण के खिलाफ छेड़छाड़ और दुष्कर्म जैसे गंभीर सहित अन्य झूठे आरोप लगाता रहता है। इससे गांव की शांति व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। शनिवार रात भी इसी परिवार की ओर से गांव के एक युवक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया गया, जिसके बाद पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। युवक को हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण सादाबाद कोतवाली पहुंचे। उन्होंने परिसर में अपना विरोध दर्ज कराया।
ग्रामीणों ने पुलिस से उक्त परिवार द्वारा लगाए जा रहे आरोपों की गहन जांच करने और यदि आरोप झूठे पाए जाएं तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। मामले की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह कोतवाली पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की, उन्हें समझा-बुझाकर शांत कराया और मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। जिसके बाद ग्रामीणों का आक्रोश शांत हुआ। इस दौरान ग्राम प्रधान पति रवि चौधरी, समाजसेवी साकेत ठैनुआ, भाजपा नेता क्रिकेटर रिंकू सिंह, पूर्व प्रधान पुष्पेंद्र चौधरी, नवाब सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
--------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना