हाथरस : जिलाधिकारी ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर की समीक्षा,कहा—लापरवाह विद्यालयों पर होगी कार्रवाई
हाथरस, 15 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में गुरुवार काे जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्धारित मानकों का पालन नहीं करने वाले विद्यालयों और वाहन संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अभियान चलाकर स्कूली वाहनों की जांच करने और सभी निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूली वाहन चालकों और परिचालकों का समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाए तथा वाहनों की फिटनेस की नियमित जांच हो। किसी भी स्कूली वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
उन्होंने विद्यालय संचालकों को 29 बिंदुओं वाली निर्धारित जांच सूची के आधार पर अपने वाहनों की जांच करने के निर्देश दिए। इसके बाद संबंधित विभागीय अधिकारी वाहनों का निरीक्षण करेंगे। जांच में कमियां मिलने पर संबंधित विद्यालय के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने पूर्व में स्कूली वाहनों से हुई सड़क दुर्घटनाओं की जांच के लिए समिति गठित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुर्घटना होने या बच्चों की मृत्यु की स्थिति में विद्यालय प्रबंधन की जवाबदेही तय करते हुए नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि स्कूली और निजी वाहनों से आने वाले बच्चों को विद्यालय परिसर के अंदर ही उतारा जाए तथा छुट्टी के बाद परिसर के भीतर से ही वाहनों में बैठाया जाए। इस व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाएगी। साथ ही बच्चों के ई-रिक्शा से विद्यालय आने पर रोक लगाने के लिए अभिभावकों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। शासन के निर्देशों का उल्लंघन करने वाले स्कूली वाहनों का पंजीकरण निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, क्षेत्राधिकारी यातायात, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना