हाथरस में सपा कार्यकर्ताओं का पैदल मार्च, पुलिस से हुई धक्का-मुक्की

 


हाथरस, 06 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत हाथरस में पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लेकर नारेबाजी की और निर्वाचन आयुक्त का पुतला फूंका। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। सपा कार्यकर्ता पैदल मार्च के रूप में आगे बढ़े और विभिन्न मुद्दों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इसी दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प जैसी स्थिति बन गई।

सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया। प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित मुद्दों को उठाते हुए अपनी बात रखी। प्रदर्शन में सपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष भजुद्दीन चौधरी, जैनुद्दीन चौधरी, बनी सिंह बघेल सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम पर नजर रखते हुए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना