मुख्यमंत्री की जनसभा में सादाबाद विधायक ने आलू निर्यात का मुद्दा उठाया

 


हाथरस, 28 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद के राष्ट्रीय लोकदल के विधायक नाम प्रदीप कुमार सिंह उर्फ गुड्डू चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को वर्ष 2029 में दिल्ली की गद्दी पर देखने की इच्छा जताई है। रविवार काे मुख्यमंत्री याेगी आदित्यनाथ की जनसभा में रालाेद विधायक ने अपने दिल की बात सार्वजनिक रूप से कही; इसके साथ ही उन्हाेंने अपने सादाबाद क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को भी मुख्यमंत्री के सामने रखा।

विधायक ने जनसभा में उपस्थित लोगों से पूछा कि क्या वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को वर्ष 2027 में फिर से मुख्यमंत्री बनाने का काम करेंगे। इस पर भीड़ ने करतल ध्वनि से 'हां' में जवाब दिया। इसके बाद उन्होंने लोगों से यह भी पूछा कि क्या वे वर्ष 2029 के चुनाव में योगी आदित्यनाथ को दिल्ली की गद्दी पर बैठाने का काम करेंगे। इस सवाल पर भी भीड़ ने जोरदार तालियों के साथ 'हां' में उत्तर दिया और जमकर नारेबाजी की।

इस अवसर पर रालोद विधायक ने मुख्यमंत्री को अपने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से विभिन्न मांगों को लेकर भी अनुरोध किया। विधायक गुड्डू चौधरी ने बिसावर के आईटीआई कॉलेज को शुरू कराने, क्षेत्र में पॉलिटेक्निक कॉलेज की स्थापना और सादाबाद में ट्रामा सेंटर बनवाए जाने की मांग रखी। इसके अलावा क्षेत्र के युवाओं के लिए स्टेडियम और किसानों के लिए आलू निर्यात व्यवस्था की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया। यही नहीं विधायक ने करवन नदी किनारे मातेश्वरी अहिल्याबाई होल्कर तथा राया तिराहे पर जाट शिरोमणि महाराजा सूरजमल तथा जैतई मोड पर चक्रवर्ती सम्राट पृथ्वीराज चौहान की प्रतिमा लगवाने की मांग की। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को हाथरस के दौरे पर रहे और उन्होंने करोड़ाें रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना