बाजरा लदी ट्रैक्टर ट्रॉली खाई में पलटी, किसान की मौत
-ट्रैक्टर-ट्रॉली में बाजरा लोड कर भरतपुर मंडी जा रहे थे सरौठ के किसान
हाथरस, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद के किसान सोमवार रात ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाजरा लेकर जा रहे थे। यह वाहन अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। इस हादसे में बाजरा के बोरों के नीचे दबकर एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य किसान घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें आगरा और दिल्ली रेफर किया गया है।
यह घटना थाना रिफाइनरी क्षेत्र के मथुरा बरेली हाईवे पर हुई। सादाबाद क्षेत्र के गांव सरौंठ निवासी सुक्खन अपने बड़े भाई हरपाल सिंह, रणधीर सिंह, लाखन सिंह और बघेना निवासी चंद्रवीर सिंह के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉली में बाजरा लादकर भरतपुर मंडी जा रहे थे। सोमवार रात करीब 8 बजे राल चौकी क्षेत्र में मथुरा बरेली हाईवे पर ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खाई में पलट गया। ट्रॉली पलटते ही उसमें भरी बाजरा की बोरियां किसानों के ऊपर गिर गईं। हादसे में सुक्खन सिंह बोरियों के नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अन्य किसानों को स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद, लाखन सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें दिल्ली रेफर किया गया। रणधीर सिंह और चंद्रवीर सिंह को बेहतर इलाज के लिए आगरा भेजा गया। हरपाल सिंह को मामूली चोटें आईं, जिनका उपचार स्थानीय स्तर पर किया गया। घटना की सूचना मिलते ही राल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे की खबर गांव सरौंठ पहुंचते ही मृतक के परिवार में मातम पसर गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना