हाथरस के भाजपा नेता रविदास जयंती पर समरसता अभियान के कलश लाने वाराणसी रवाना

 


हाथरस, 28 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के भाजपा नेता मंगलवार काे संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे समरसता संकल्प अभियान के तहत वाराणसी स्थित गुरु रविदास जी की जन्मस्थली से पावन मिट्टी युक्त कलश लाने के लिए रवाना हुए। जिला भाजपा कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में पदाधिकारियों का फूल-माला, तिलक एवं दुपट्टा पहनाकर उत्साहपूर्वक स्वागत एवं विदाई की गई।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा, अभियान संयोजक एवं जिला मंत्री संध्या आर्य, सांसद प्रतिनिधि राजेश सिंह गुड्डू, पूजा वर्मा, ओमप्रकाश वर्मा सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। जिला मंत्री संध्या आर्य ने बताया कि कलश हाथरस पहुंचने के बाद जिले में प्रमुख मंदिरों एवं धार्मिक स्थलों पर कलश वंदन, संत सम्मेलन, समाज संपर्क अभियान, समरसता कार्यक्रम, मीडिया संवाद, भजन-कीर्तन, गुरु वाणी पाठ, प्रसाद वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं सहित अनेक आयोजन किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य संत गुरु रविदास जी के समरसता, समानता एवं सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना