हाथरस में पुलिस मुठभेड़ में बदमाश घायल, प्रभारी निरीक्षक की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी लगी गोली

 


हाथरस, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में पुलिस ने शुक्रवार काे एक मुठभेड़ के बाद फायरिंग के बाद इनामी बदमाश गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में बदमाश मोना ठाकुर के दोनों पैरों में लगी गोली लगी है और इस दाैरान प्रभारी निरीक्षक की बुलेटप्रूफ जैकेट और गाड़ी में भी गोली लगी है। बदमाश काे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त मोना ठाकुर उर्फ सचप्रताप सिंह पुत्र रहीश पाल निवासी नगला इमलिया, थाना हाथरस जंक्शन, हाथरस का रहने वाला है। उसके खिलाफ जनपद के विभिन्न थानों में हत्या, आर्म्स एक्ट, गुंडा एक्ट, हत्या का प्रयास, गैंगस्टर और एनडीपीएस एक्ट सहित करीब दो दर्जन गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। मोना ठाकुर थाना हाथरस जंक्शन का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और वह कई बार जेल भी जा चुका है। उन्हाेंने बताया कि 18 जून को हाथरस गेट कोतवाली पुलिस को कैलाश ढाबे पर छोटू राणा और उसके साथियों तथा शानू और उसके साथियों के बीच फायरिंग की सूचना मिली थी। इस संबंध में हाथरस गेट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना में शामिल अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई थीं। इस मामले में 6 आरोपिताे की गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस तलाश में जुटी हुई थी।

शुक्रवार काे हाथरस गेट थाना क्षेत्र के रूहेरी फाटक से रतनगढ़ी वाले रास्ते में मथुरा-बरेली हाईवे पर मेंडू-रुहेरी रोड के पास पुलिस की मुठभेड़ मोना ठाकुर से हो गई। आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में आरोपित मोना ठाकुर के दोनों पैरों में गोली लगी। मुठभेड़ के दौरान हुई फायरिंग में पुलिस की गाड़ी और थाना प्रभारी हाथरस जंक्शन की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोली लगी है। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस 315 बोर और एक होंडा अमेज कार बरामद की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना