सादाबाद के युवकाें ने करवन नदी की सफाई के लिए जिलाधिकारी से मांगी मदद
हाथरस 27 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद के युवकाें ने करवन नदी की सफाई के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स से मदद मांगी है। वरिष्ठ बसपा नेता डॉ. अविन शर्मा के नेतृत्व में युवाओं की टीम ने बुधवार काे कलेक्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सफाई अभियान से जुड़े युवा भी मौजूद रहे।
सादाबाद क्षेत्र के युवा मिशन करवन नदी सफाई अभियान चला रहे हैं। पिछले करीब 11 दिनों से वे श्रमदान कर नदी की साफ-सफाई में जुटे हैं। इस अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाना है। युवाओं का कहना है कि करवन नदी लंबे समय से गंदगी, कचरे और प्रदूषण का शिकार है। इससे पर्यावरण और आसपास के लोगों के स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। इसी कारण युवाओं ने जनहित में यह सफाई अभियान शुरू किया है। ज्ञापन में बताया गया है कि अभियान का लक्ष्य आगामी विश्व पर्यावरण दिवस से पहले करवन नदी के आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह साफ और व्यवस्थित करना है।
साथ ही नदी के दोनों किनारों को पक्का कराकर बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण की भी योजना है, ताकि इसे एक सुंदर पर्यावरणीय स्थल बनाया जा सके। अभियान से जुड़े युवाओं ने प्रशासन से जेसीबी मशीन, सफाई कर्मचारी, कूड़ा उठाने की व्यवस्था, आवश्यक निर्माण कार्य और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि संसाधनों के अभाव में अभियान को आगे बढ़ाना मुश्किल हो रहा है। युवाओं ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन उनकी पर्यावरण संरक्षण की इस मुहिम में सहयोग करेगा, जिससे करवन नदी को पुनर्जीवित करने का लक्ष्य पूरा हो सके।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना