कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा, ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से गूंजा हाथरस

 


हाथरस, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में कांवड़ यात्रियों के स्वागत और सम्मान के लिए रविवार को विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न मार्गों से कांवड़ लेकर शिवधाम की ओर जा रहे शिवभक्तों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत हाथरस पुलिस लाइन से हुई, जहां दोपहर करीब 1:30 बजे हेलीकॉप्टर ने उड़ान भरी। इसके बाद सिकंदराराऊ क्षेत्र में कांवड़ियों पर पुष्पवर्षा की गई।कार्यक्रम में सांसद अनूप प्रधान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। आयोजन श्रावण गंगा सेवा समिति के तत्वावधान में तथा मठ मंदिर आगरा के महंत महाराज योगेशपुरी जी के मार्गदर्शन में किया गया। समिति के मुख्य आयोजक सूर्य प्रताप सिंह ‘सूरज’ ने बताया कि पैदल चलकर शिवधाम की ओर जाने वाले कांवड़ यात्रियों की आस्था, भक्ति और सेवा भावना का सम्मान करना कार्यक्रम का उद्देश्य है। हेलीकॉप्टर से हुई पुष्पवर्षा को देखकर कांवड़ियों और स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिला। इस दौरान पूरा वातावरण ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय भोले’ के जयकारों से गूंज उठा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना