हाथरस में छापेमारी टीम के पहुंचने से पहले की फरार हुए अप्रशिक्षित, अवैध क्लीनिक संचालक

 


हाथरस, 02 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद कस्बे में बिना डिग्री और रजिस्ट्रेशन के लोगों के दांतों से खिलवाड़ करने वाले झोलाछाप दंत चिकित्सकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ा शिकंजा कसा है। मंगलवार शाम को जब स्वास्थ्य विभाग टीम पुलिस बल के साथ कस्बे के होलीगेट मोहल्ले में औचक निरीक्षण के लिए पहुंची, तो झोलाछाप डॉक्टरों में हड़कंप मच गया। टीम के कदम रखते ही कई अप्रशिक्षित चिकित्सक अपनी-अपनी क्लीनिक के शटर गिराकर मौके से रफूचक्कर हो गए। पुलिस और विभागीय अधिकारियों ने बंद क्लीनिकों की जांच कर आरोपिताें के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की रूपरेखा तैयार कर ली है।

सादाबाद सीएचसी प्रभारी अधीक्षक डॉ. दानवीर ने बताया कि उन्हें कुल तीन अप्रशिक्षित दंत चिकित्सकों के खिलाफ पुख्ता शिकायतें प्राप्त हुई थीं। जांच टीम जब मौके पर पहुंची, तो वे सभी अपनी-अपनी क्लीनिक बंद कर पहले ही फरार हो चुके थे। डॉ. दानवीर ने स्पष्ट किया कि टीम का प्राथमिक उद्देश्य इन कथित डॉक्टरों की डिग्री और रजिस्ट्रेशन की जांच कर उन्हें कारण बताओ नोटिस थमाना था। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि फरार हुए तीनों चिकित्सकों को विभाग की तरफ से औपचारिक नोटिस भेजा जा रहा है। यदि वे तय समय सीमा के भीतर नोटिस प्राप्त कर उसका कोई संतोषजनक और वैध विधिक जवाब नहीं देते हैं, तो स्वास्थ्य विभाग उनके खिलाफ धोखाधड़ी और लोगों की जान जोखिम में डालने के आरोप में सीधे एफआईआर दर्ज कराकर उन्हें जेल भेजने की विधिक कार्रवाई अमल में लाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना