प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केंद्र में मनाया गया गुरु पूर्णिमा उत्सव

 


हाथरस, 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में गुरु पूर्णिमा के मौके पर सादाबाद में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के स्थानीय केंद्र पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में ब्रह्माकुमारीज़ परिवार के सदस्यों, नगर के गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में सतगुरु शिव बाबा का स्मरण किया गया और आध्यात्मिक जीवन अपनाने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और परमपिता परमात्मा शिव बाबा के स्मरण के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित लोगों को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया गया, जिससे उन्होंने आत्मिक शांति का अनुभव किया। सतगुरु शिव बाबा की महिमा का गुणगान करते हुए ईश्वरीय महावाक्यों का श्रवण भी कराया गया। सेवा केंद्र प्रभारी बीके भावना दीदी ने अपने संबोधन में कहा कि संसार में अनेक गुरु हो सकते हैं, लेकिन सच्चे सतगुरु निराकार परमपिता परमात्मा शिव बाबा ही हैं। उन्होंने बताया कि शिव बाबा ही आत्माओं को सत्य ज्ञान देकर अज्ञान के अंधकार से बाहर निकालते हैं और सुख, शांति, प्रेम तथा पवित्रता का मार्ग दिखाते हैं।

बीके भावना दीदी ने यह भी कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, आत्मपरिवर्तन और ईश्वरीय शिक्षाओं को जीवन में उतारने का श्रेष्ठ अवसर है। उन्होंने जोर दिया कि यदि व्यक्ति आध्यात्मिक मूल्यों को अपने जीवन का हिस्सा बना ले तो समाज और राष्ट्र दोनों का कल्याण संभव है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी भाई-बहनों ने आध्यात्मिक जीवन जीने, नशामुक्त एवं मूल्यनिष्ठ समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया। उन्होंने विश्व शांति और मानव कल्याण के लिए भी सकारात्मक संकल्प लिए। अंत में, सभी ने सामूहिक रूप से विश्व शांति की प्रार्थना की।

इस अवसर पर बीके बबिता, बीके मिथलेश, दयाशंकर यादव, श्याम बाबू चिंतन, बीके कमलेश बहन, बीके पूजा बहन सहित ब्रह्माकुमारीज़ परिवार के सदस्य, नगर के गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना