हाथरस में दो सगे भाइयों पर ताबडतोड़ फायरिंग, घायलों का अस्पताल में चल रहा उपचार
-चंदपा क्षेत्र के गांव कछपुरा का मामला, जिलाधिकारी व एसपी जिला अस्पताल पहुंचे
हाथरस, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश हाथरस के चंदपा कोतवाली क्षेत्र के गांव कछपुरा में शुक्रवार सुबह आपसी विवाद में हुई फायरिंग में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, कछपुरा निवासी महेश उपाध्याय और उनके सगे भाई गिरीश उपाध्याय के बीच शुक्रवार सुबह किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान पास के गांव का एक व्यक्ति भी विवाद में शामिल हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर उक्त व्यक्ति ने पहले गाली-गलौज की और वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह तमंचा लेकर अपने साथियों और परिजनों के साथ वापस लौटा तथा दोनों भाइयों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से महेश उपाध्याय और गिरीश उपाध्याय गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों ने दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा जिला अस्पताल पहुंचे तथा घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली।
घायलों के परिजनों ने नगला ओझा निवासी व्यक्ति और उसके कुछ साथियों पर फायरिंग करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपिताें की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपिताें के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना