हाथरस में शुरु हुआ 157 घंटे का महासफाई अभियान, अधिकारियों ने भी किया श्रमदान

 




हाथरस, 30 सितंबर (हि.स.)। उत्तरप्रदेश के जनपद हाथरस में सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत “स्वच्छता ही सेवा की थीम पर बुधवार को जिले में विशेष स्वच्छता अभियान शुरु किया गया। 157 घंटे सतत महासफाई अभियान के अंतर्गत कलेक्ट्रेट परिसर, विकास भवन सहित विभिन्न सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया।

जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने स्वयं सफाई की कमान संभाली। उन्होंने कलेक्ट्रेट परिसर में फावड़ा लेकर अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ साफ-सफाई की। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी पीएन दीक्षित, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व प्रशांत तिवारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रकाश चंद्र समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

अधिकारियों और कर्मचारियों ने झाड़ू लगाकर कूड़ा-कचरा हटाया तथा अनावश्यक सामग्री को व्यवस्थित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छता किसी एक विभाग या व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने अधिकारियों को कार्यालय परिसरों में नियमित सफाई सुनिश्चित करने और आमजन को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए। अभियान के दौरान वरिष्ठ कोषाधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका हाथरस, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत मुरसान, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर सहित कलेक्ट्रेट और विकास भवन के कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना