हाथरस जिलाधिकारी का सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में सुधार पर जोर, की समीक्षा बैठक

 


हाथरस, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस जिलाधिकारी अतुल वत्स ने साेमवार काे जनपद की सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में सुधार लाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों में पिछड़ रहे विभागों की प्रगति का गहन मूल्यांकन किया। बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खराब प्रदर्शन करने वाले विभागों को चेतावनी देते हुए उन्होंने भविष्य में सुधार न होने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान जननी सुरक्षा योजना, फैमिली आईडी, 15वें एवं राज्य वित्त आयोग, पोषण अभियान, मत्स्य सम्पदा योजना, सेतु निर्माण, नई सड़क निर्माण, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान समेत कई योजनाओं की कमजोर रैंकिंग पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित विभागाध्यक्षों की जवाबदेही तय करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज करने के निर्देश दिए। सेतु निर्माण कार्यों में धनराशि के उपयोग की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित करने का भी आदेश दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड शासन की निगरानी का महत्वपूर्ण माध्यम है और प्रत्येक विभाग को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण, ऑनलाइन डाटा समय से अपडेट करने तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली सभी बाधाओं को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना