होली पर्व पर ससुराल में बहू के मायके वालों से मारपीट, दो घायल
हाथरस, 04 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद क्षेत्र में हाेली त्योहार पर अपनी बेटी की ससुराल आए मायके पक्ष के लोगों के बीच हुई मारपीट में दो लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस जांच मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, हालांकि अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार, दो माह पूर्व धीरज कुमार का निधन हो गया था। त्योहार के मौके पर उनकी पत्नी के मायके पक्ष के लोग गांव आरती से सादाबाद आए हुए थे। बताया जाता है कि सभी लोग आपस में बैठकर बातचीत कर रहे थे, तभी किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस मारपीट में धीरेन्द्र कुमार निवासी आरती और अनिल कुमार निवासी सादाबाद घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। कस्बा इंचार्ज अंकित चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों पक्षों से कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है, लेकिन अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना