हाथरस : साइबर ठगों ने शीतगृह स्वामी के बैंक खाते से पौने दो लाख उड़ाये, पुलिस कर रही जांच

 


हाथरस, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद में साइबर ठगों ने शीतगृह स्वामी राजेश कुमार चौधरी के बैंक खाते से यूपीआई के माध्यम से दो बार में 1.74 लाख रुपये पार कर दिए। खाते से इतनी बड़ी धनराशि निकलने की जानकारी होने पर पीड़ित के होश उड़ गए। पीड़ित ने साइबर क्राइम ब्रांच में शिकायत कर अज्ञात ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के साथ धनराशि वापस दिलाने की मांग की है।

क्षेत्र के गांव टीकेत निवासी राजेश कुमार चौधरी पुत्र केरन सिंह ने रविवार काे शिकायती पत्र में बताया कि उनका बैंक खाता पंजाब नेशनल बैंक की सादाबाद शाखा में संचालित है। आरोप है कि 23 अक्टूबर को अज्ञात साइबर ठगों ने बिना उनकी जानकारी एवं अनुमति के यूपीआई के माध्यम से खाते से दो बार में 1.74 लाख रुपये निकाल लिए। पहली बार 95 हजार रुपये तथा दूसरी बार 79 हजार रुपये का अनधिकृत लेन-देन किया गया। पीड़ित के मुताबिक उन्होंने न तो किसी व्यक्ति को धनराशि स्थानांतरित की और न ही किसी को लेन-देन की अनुमति दी थी। इसके बावजूद खाते से धनराशि निकल गई। आशंका जताई जा रही है कि साइबर ठगों ने धोखाधड़ी कर धनराशि दूसरे बैंक खातों में स्थानांतरित कर दी है।

पीड़ित ने साइबर क्राइम ब्रांच प्रभारी आशीष कुमार से मामले की जांच कर लाभार्थी बैंक खातों का पता लगाने, संबंधित खातों में धनराशि फ्रीज कराने तथा आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही ठगी गई पूरी धनराशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना