हाथरस में गढ्ढे में भरे बारिश के पानी में डूबने से बालक की मौत

 


हाथरस, 10 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सादाबाद में मुरसान मार्ग स्थित गांव धनौली में बारिश के पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में डूबने से बालक की मौत हो गई। गांव के निकट ईंट भट्टे के लिए मिट्टी निकालने से कई गहरे गड्ढे बन गए थे। गुरुवार तक हुई लगातार बारिश के कारण इन गड्डों में काफी पानी भर गया था।

शुक्रवार शाम करीब 4 बजे गांव के कुछ बच्चे इन गड्डों में नहाने के लिए उतरे। इन्हीं बच्चों के साथ गांव निवासी पुष्पेंद्र सिंह का 10 वर्षीय पुत्र सिद्धांत भी नहा रहा था। सिद्धांत बीएस पब्लिक स्कूल, सादाबाद-मुरसान मार्ग में कक्षा 6 का छात्र था। नहाते समय सिद्धांत अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। जब वह काफी देर तक घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। साथ में मौजूद बच्चों ने बताया कि सिद्धांत पानी से भरे गड्ढे में डूब गया है। सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सीढ़ी की मदद से उसे गड्ढे से बाहर निकाला गया। सिद्धांत को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सिद्धांत अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया है और परिजन गहरे सदमे में हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि ईंट निर्माण और मिट्टी खनन के बाद बने गहरे गड्डों को खुला छोड़ दिया जाता है। बारिश के दिनों में इनमें पानी भर जाने से ये हादसे का कारण बन रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे गड्डों को भरवाने या उनकी घेराबंदी कराने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना