हाथरस में भाकियू नेताओं व पुलिस में विवाद—जाम, वाहन टकराने से दारोगा घायल

 


हाथरस, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के सिकंदराराऊ क्षेत्र में शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियाें व कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। एटा से गढ़मुक्तेश्वर-मेरठ की ओर जा रहे इन नेताओं व कार्यकर्ताओं ने रेलवे अंडरपास पर जाम लगाकर नारेबाजी की। अचानक जाम लगने से यातायात बाधित हो गया। माैके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियाें और भाकियू नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

भाकियू पदाधिकारी और समर्थक सैकड़ों वाहनों के साथ सिकंदराराऊ-पुरदिलनगर मार्ग स्थित रेलवे अंडरपास पर पहुंचे और कुछ देर के लिए रास्ता जाम कर दिया। अचानक काफिले के रुकने से सड़क पर लंबा जाम लग गया और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। कोतवाली प्रभारी शिवकुमार शर्मा, सीओ जैनेद्र नाथ अस्थाना और अन्य अधिकारियों ने भारी पुलिस बल व पीएसी के साथ स्थिति संभाली और काफी प्रयास के बाद काफिले को अंडरपास से हटाया। अंडरपास से हटने के बाद काफिला जीटी रोड की ओर बढ़ा, जहां पुलिस ने उन्हें नियंत्रित करने की कोशिश की। इसी दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी बहस और नोकझोंक हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। हंगामे के बीच एक वाहन की टक्कर लगने से दारोगा रामनरेश घायल हो गए। उनके पैर में चोट आई और वह सड़क पर गिर पड़े, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए भेजा गया। घटना के दौरान कुछ निजी वाहनों के शीशे टूटने और नुकसान की सूचना भी सामने आई है। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थिति बिगड़ती देख एसपी सिटी श्वेताभ पांडेय, सीओ नितिन गर्ग और सीओ ज्ञानेंद्र सहित भारी पुलिस बल ने मोर्चा संभाला। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच भाकियू काफिले को सिकंदराराऊ से आगे अलीगढ़ की ओर रवाना कर दिया गया। सीओ नितिन गर्ग ने बताया कि अब स्थिति सामान्य है और यातायात सुचारू रूप से चल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना