हाथरस में पूर्व नेवी कर्मी के साथ मारपीट, आरोपितों की तलाश में जुटी पुलिस

 


हाथरस, 05 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस की कोतवाली क्षेत्र के गांव पिपरामई में पूर्व नेवी कर्मी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। हमलावरों ने न सिर्फ उनके साथ मारपीट की, बल्कि उनकी गाड़ी पर भी पथराव किया। इस घटना में पूर्व नेवी कर्मी के सिर में गंभीर चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

पिपरामई गांव के निवासी पूर्व नेवी कर्मी केहरी सिंह ने गुरुवार को कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। केहरी सिंह ने बताया कि वे अपने साढू विकास के साथ गांव आ रहे थे। तभी गांव के बाहर दो युवक अचानक उनकी गाड़ी के सामने आकर खड़े हो गए और गाड़ी रुकवा ली। आरोप है कि इसके बाद उन दोनों युवकों ने अपने चार-पांच अन्य साथियों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनकी गाड़ी पर भी पथराव किया, जिससे गाड़ी का आगे का शीशा टूट गया। पीड़ित ने यह भी बताया कि उनके साढू विकास के गले में सोने की चेन थी, जो मारपीट के दौरान गायब हो गई। घटना के समय गांव के कुछ लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, लेकिन हमलावर लगातार मारपीट करते रहे। यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घायल केहरी सिंह ने पुलिस से आरोपिताें के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि मामले की शिकायत प्राप्त हो गई है। घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मारपीट करने वालों की पहचान की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना