सेना हवलदार ने राष्ट्रीय स्तरीय नौकायन चैम्पियनशिप में जीता सिल्वर मेडल
-उड़ीसा में आयोजित हुई थी पहली राष्ट्रीय स्तरीय नौकायन चैम्पियनशिप
हाथरस, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस के गांव रसीदपुर निवासी भारतीय सेना के हवलदार अजीत कुमार ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता है। उन्होंने पहली राष्ट्रीय स्तरीय नौकायन चैम्पियनशिप 2026 में भारतीय सेना की टीम का प्रतिनिधित्व किया। प्रतियोगिता 8 अप्रैल से 11 अप्रैल 2026 तक जवाहर लाल नेहरू इनडोर स्टेडियम, कटक ओडिशा में आयोजित हुई थी। रविवार काे गांव के लाेगाें ने मिठाई बांट कर खुशियां मनाई।
अजीत कुमार ने इनडोर रोइंग प्रतियोगिता में अपनी टीम के लिए रजत पदक हासिल किया। उन्होंने इस दौरान बेहतरीन दमखम, अनुशासन और खेल भावना का प्रदर्शन किया। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अजीत कुमार की सफलता की खबर मिलते ही ग्राम रसीदपुर में उत्साह का संचार हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर अपनी खुशी व्यक्त की। ग्रामीणों का कहना है कि सेना में रहते हुए खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उपलब्धि है। इस अवसर पर अजरूद्दीन फौजी, मदन मोहन, मौसम शर्मा, ओमवीर प्रधान, अवधेश कुमार और मुकेश प्रधान सहित कई ग्रामीणों ने अजीत कुमार को बधाई दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना