हाथरस में सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले तीन कोचिंग सेंटर सीज

 


हाथरस, 25 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में एसडीएम के नेतृत्व वाली टीम कस्बे के करीब आधा दर्जन संस्थानों में सुरक्षा मानकों की जांच करने के बाद तीन संस्थानाें डीआरबी कोचिंग, त्यागी लाइब्रेरी एवं अग्रवाल लाइब्रेरी को तत्काल सीज कर दिया।

एसडीएम मनीष चौधरी ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि कोचिंग सेंटरों और लाइब्रेरी की जांच का यह अभियान लगातार जारी रहेगा और जिन संस्थानों में निर्धारित मानक पूरे नहीं पाए जाएंगे, उन्हें सीज करने के साथ अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद नगर के कोचिंग संचालकों और लाइब्रेरी प्रबंधकों में हड़कंप मच गया है। कई संचालक अब अपने संस्थानों में सुरक्षा मानकों को दुरुस्त करने में जुट गए हैं। छापामारी अभियान में एसडीएम के साथ पुलिस उपाधीक्षक जेएन अस्थाना, नायब तहसीलदार वैष्णवी शर्मा. प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह तथा फायर सर्विस से पवन कुमार शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना