नवनिर्माण के 09 वर्षों में यूपी बना सुशासन, सुरक्षा और विकास का मॉडल : योगेंद्र उपाध्याय

 


कानपुर, 25 मार्च (हि.स.)। नवनिर्माण के नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश ने सुशासन, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास का नया मानक स्थापित किया है और आज प्रदेश देश के लिए एक मॉडल के रूप में उभरा है। यह बातें बुधवार को प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री एवं प्रभारी मंत्री कानपुर नगर योगेंद्र उपाध्याय ने कहीं।

सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आयोजित ‘उत्तर प्रदेश नवनिर्माण के नौ वर्ष’ कार्यक्रम के तहत प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने हर क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन देखा है। उन्होंने इस अवधि को “उत्कर्ष के वर्ष” बताते हुए कहा कि गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के जीवन स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति के बीच उन्होंने कानून व्यवस्था से लेकर अधोसंरचना, शिक्षा, निवेश और सामाजिक योजनाओं तक हुए बदलावों का उल्लेख किया।

मंत्री उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश में लागू शून्य सहनशीलता नीति के परिणामस्वरूप कानून व्यवस्था में अभूतपूर्व सुधार हुआ है और डकैती, लूट, हत्या एवं अपहरण जैसे अपराधों में उल्लेखनीय कमी आई है। संगठित अपराध और माफिया तंत्र पर प्रभावी कार्रवाई से सुरक्षा और विश्वास का वातावरण मजबूत हुआ है। महिला सुरक्षा के दृष्टिगत मिशन शक्ति, महिला हेल्पलाइन सेवाओं और बीट पुलिसिंग जैसे उपायों से महिलाओं को सुरक्षित वातावरण मिला है। साथ ही साइबर अपराध थानों की स्थापना और विधि विज्ञान प्रयोगशालाओं के विस्तार से पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज देश का सबसे बड़ा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम केंद्र बन चुका है और 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। एक्सप्रेस-वे नेटवर्क, हवाई अड्डों का विस्तार, रक्षा औद्योगिक गलियारा और डिजिटल कनेक्टिविटी ने प्रदेश को औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बना दिया है। कृषि क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है, जहां गन्ना किसानों को रिकॉर्ड भुगतान सुनिश्चित किया गया है और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से करोड़ों किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

कानपुर नगर के विकास पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक जनपद में लगभग एक हजार पांच सौ तीन करोड़ उन्यासी लाख रुपये की लागत से 252 विकास परियोजनाएं पूर्ण की गई हैं। आवास, स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का व्यापक विस्तार हुआ है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत बड़े पैमाने पर शौचालय निर्माण कर स्वच्छता को बढ़ावा दिया गया है, जबकि आयुष्मान भारत योजना के तहत लाखों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिला है। जनधन, उज्ज्वला और स्वनिधि जैसी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद वर्ग को आर्थिक रूप से सशक्त किया गया है।

अधोसंरचना विकास में कानपुर मेट्रो, रिंग रोड, तापीय विद्युत परियोजनाएं और स्मार्ट सिटी के अंतर्गत विकसित सुविधाएं शहर को आधुनिक स्वरूप दे रही हैं। शिक्षा क्षेत्र में ई-लर्निंग, स्मार्ट कक्षाएं, ई-लाइब्रेरी और टैबलेट वितरण जैसी पहलों से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश सुशासन, निवेश, शिक्षा और समावेशी विकास का राष्ट्रीय मॉडल बनेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप