800 बीघा जमीन पर यूपी-हरियाणा के किसानों में विवाद

 


बागपत, 28 मार्च (हि.स.)। बागपत जिले के पाली गांव में करीब 800 बीघा जमीन को लेकर उत्तर प्रदेश और हरियाणा के किसानों व राजस्व विभाग के बीच विवाद गहरा गया है। शनिवार को पाली गांव के किसानों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर हरियाणा के राजस्व विभाग की टीम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे किसानों ने शिकायती पत्र दिया है जिसमें कहा गया है कि संबंधित जमीन उनकी पुश्तैनी कृषि भूमि है, जिस पर वे लंबे समय से खेती करते आ रहे हैं। किसान नेताओं राकेश आर्य, गजेंद्र, राम भजन, प्रताप, महेश पाल और प्रेमपाल सिंह ने आरोप लगाया कि हरियाणा के अधिकारी और वहां के कुछ किसान इस जमीन को पंचायती भूमि बताकर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।

किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी जमीन पर किसी प्रकार का अतिक्रमण किया गया तो वे बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उनकी जमीन की पैमाइश कराई जाए और बाहरी हस्तक्षेप को रोका जाए। जिलाधिकारी बागपत अस्मिता लाल ने मामले को दोनों राज्यों के राजस्व विभाग के बीच समन्वय स्थापित कर समाधान निकालने की बात कही है। विवाद को लेकर क्षेत्र के किसानों में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी