गुरु गोरक्षनाथ स्वास्थ्य यात्रा का हुआ समापन, 56 हजार से अधिक मरीजों का हुआ उपचार
बलरामपुर, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ देवीपाटन में एनएमओ द्वारा गुरु गोरक्षनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा का मेगा स्वास्थ्य कैंप आयोजित कर समापन किया गया। समापन पर मुख्य अतिथि जनपद के प्रभारी मंत्री, राज्यमत्री सतीश शर्मा ने चिकित्सकों को सम्मानित किया।
आयोजित गुरु गोरक्षनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 7.0 के समापन पर मंगलवार कोदेवीपाटन पीठाधीश्वर महंत मिथिलेश नाथ योगी महाराज के अध्यक्षता में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। तीन दिनों तक चले इस शिविर में 56 हजार से अधिक मरीजों का निःशुल्क उपचार किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जनपद के प्रभारी मंत्री एवं राज्यमंत्री सतीश शर्मा शामिल हुए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवा यात्रा में योगदान देने वाले स्वयंसेवकों के कार्यों की सराहना करते हुए चिकित्सकों की निःस्वार्थ सेवा को मानवता के लिए महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर महंत मिथिलेश नाथ योगी महाराज ने चिकित्सकों एवं स्वयंसेवकों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया।
मेगा स्वास्थ्य शिविर में मरीजों का पंजीकरण कर विभिन्न रोगों की जांच की गई। विभिन्न प्रांतों से आए विशेषज्ञ चिकित्सकों ने हृदय रोग, गुर्दा रोग, न्यूरोलॉजी, जनरल सर्जरी, हड्डी रोग, दंत रोग, नाक-कान-गला, नेत्र रोग, बाल रोग, पेट, चेस्ट, चर्म, स्त्री रोग और कैंसर सहित अन्य बीमारियों के मरीजों का परीक्षण किया। इसके साथ ही ब्लड प्रेशर, शुगर और रक्त संबंधी जांच भी की गई। चिकित्सकों के परामर्श के बाद मरीजों को निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। शिविर में सर्दी, जुकाम और बुखार से पीड़ित बच्चों की संख्या अधिक रही।
शिविर में कल्याण सिंह कैंसर इंस्टीट्यूट, बाबू बनारसी दास विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज लखनऊ, मेडिकल कॉलेज अयोध्या, एससीपीएम गोंडा, बलरामपुर स्वास्थ्य विभाग तथा निदान हॉस्पिटल बलरामपुर की टीमों का विशेष सहयोग रहा। एनएमओ के शिवम मिश्रा ने बताया कि उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान सहित विभिन्न प्रांतों के मेडिकल कॉलेजों से आए चिकित्सकों ने इस सेवा यात्रा में योगदान दिया।
कार्यक्रम में कल्याण सिंह कैंसर इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ. एलबी भट्ट, नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, गंगा सिंह, एनएमओ प्रांत सचिव डॉ. शिवम मिश्रा, विभाग संघचालक सौम्य अग्रवाल, विभाग प्रचारक प्रवीण, जिला प्रचारक जितेंद्र, मुख्य चिकित्साधिकारी, एनएमओ जिलाध्यक्ष डॉ. शरद प्रताप सिंह, सचिव डॉ. विकल्प मिश्रा, विभाग प्रचार प्रमुख मनीष गुप्ता और अवधेश कुमार सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन