पुलिस ने लापता भाई-बहन इटावा से किए रेस्क्यू, लौटी खुशियां
फिरोजाबाद, 22 सितंबर (हि.स.)। थाना दक्षिण मिशन शक्ति पुलिस टीम ने मंगलवार को ऑपरेशन मुस्कान के तहत दो दिन से लापता 02 बच्चों को सकुशल इटावा से बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया है। बच्चों को पाकर परिवार में खुशियां छा गई।
सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि 20 सितंबर को शाम को थाना दक्षिण क्षेत्र अन्तर्गत रहने वाले शानू की पुत्री तमन्ना (10) व पुत्र अल्ताफ (5) खेलते खेलते घर से निकल गए। वह वापस घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने पहले तो बच्चों की तलाश की लेकिन पता न चलने पर अगले दिन 21 सितम्बर को बच्चों की मां ने इसकी सूचना थाना दक्षिण पर आकर दी। पीड़िता की शिकायत पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर बच्चों की तलाश शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि बच्चों की सकुशल व अतिशीघ्र बरामदगी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे द्वारा मिशन शक्ति पुलिस टीम सहित 04 पुलिस टीमों का गठन किया। गठित पुलिस टीमों द्वारा करीब 60 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को चैक किया गया। जिनमें दोनों बच्चे रेलवे स्टेशन फिरोजाबाद की तरफ जाते दिखायी दिये। इसी क्रम में रेलवे स्टेशन फिरोजाबाद पर बने आरपीएफ कन्ट्रोल रूम के सीसीटीवी फुटेज को देखा गया तो दोनों बच्चें ट्रेन में चढकर इटावा की तरफ जाते दिखायी दिये। दोनों बच्चो को महिला मिशन शक्ति पुलिस टीम द्वारा रेलवे स्टेशन इटावा से सूचना प्राप्त होने के बाद मात्र 36 घण्टे के अन्दर सकुशल बरामद, रेस्क्यू किया है।
सीओ ने बताया कि बरामद बच्चों के संबंध में आवश्यक विधिक कार्यवाही कर बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया है। अपने बच्चों को सकुशल पाकर परिजनों द्वारा खुशी व्यक्त करते हुए फिरोजाबाद पुलिस का धन्यवाद किया गया।
रेस्क्यू टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना दक्षिण योगेन्द्रपाल सिंह, उपनिरीक्षक राजकुमार गौतम, महिला कांस्टेबल प्रतिमा, दीक्षा, दीपा आदि है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़