पुलिस ने चाइल्ड लाइन को सौंपी हिमाचल प्रदेश की बालिका
फिरोजाबाद, 22 अप्रैल (हि.स.)। थाना जीआरपी फिरोजाबाद पुलिस ने बुधवार को परिजनों से रूठकर आई हिमाचल प्रदेश की एक नाबालिग बालिका को चाइल्ड लाइन टीम के सुपुर्द किया है। इसकी सूचना परिजनों को दी है। बच्ची के सकुशल होने की सूचना से परिवार में खुशियां लौट आई है।
प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह ने बताया कि वह पुलिस टीम के साथ बुधवार को ऑपरेशन मुस्कान एवं मिशन शक्ति अभियान के तहत स्टेशन पर चेकिंग कर रहे थे तभी रेलवे स्टेशन पर एक 17 वर्षीय नाबालिग बालिका गुमसुम अवस्था में अकेली बैठी दिखाई दी। शक होने पर पुलिस टीम द्वारा बच्ची से सांत्वनापूर्वक पूछताछ की गई। बालिका ने बताया कि वह किसी बात पर अपने परिजनों से नाराज होकर घर से बिना बताए ट्रेन में बैठकर यहां आ गई है। बालिका को तत्काल मिशन शक्ति कक्ष में बैठाया गया। बालिका से जानकारी हुई कि वह थाना काले आम क्षेत्र हिमाचल प्रदेश की रहने वाली है। तत्पश्चात सम्बन्धित थाना काले आम हिमाचल प्रदेश का संपर्क नम्बर प्राप्त कर वहां के थाना प्रभारी से वार्ता की गई तथा बालिका के परिजनों से संपर्क स्थापित किया गया। परिजनों द्वारा बताया गया कि बच्ची एक दिन पूर्व घर से बिना बताए चली गई थी, जिसकी सूचना संबंधित थाना काले आम पर देना बताया गया।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि बच्ची के नाबालिग होने के दृष्टिगत तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन टीम को सूचित करते हुए मौके पर बुलाकर काउंसलिंग कराते हुए बच्ची के परिजनों के आने तक तथा आवश्यक कार्यवाही हेतु चाइल्ड हेल्प लाइन टीम के सुपुर्द किया गया एवं संबंधित थाना एवं बच्ची के परिजनों को अग्रिम कार्यवाही हेतु अवगत करा दिया गया।
बालिका के सकुशल होने की सूचना पर माता-पिता ने थाना जीआरपी फिरोजाबाद पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही के लिए फोन पर बहुत-बहुत धन्यवाद देकर आभार जताया।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़