मीरजापुर में भव्य पासिंग आउट परेड, 392 रिक्रूट आरक्षी बने पुलिस बल का हिस्सा

 


मीरजापुर, 26 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में रविवार को पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में ‘रिक्रूट आरक्षी दीक्षांत/पासिंग आउट परेड समारोह 2025-26’ का आयोजन हुआ। इस अवसर पर 14 टोलियों के 392 रिक्रूट आरक्षियों ने नौ माह के कठिन प्रशिक्षण के बाद शानदार परेड का प्रदर्शन कर सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक द्वारा मुख्य अतिथि आरपी सिंह का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन से हुई। इसके बाद मुख्य अतिथि ने परेड का मान प्रणाम ग्रहण करते हुए सुसज्जित टोलियों का निरीक्षण किया और मंच से गुजर रही टुकड़ियों की सलामी स्वीकार की।

समारोह के दौरान योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण भी किया गया। अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने पुलिस बल को आधुनिक, संवेदनशील और अपराध के प्रति सख्त बनने का आह्वान किया, जिसे रिक्रूट आरक्षियों ने ध्यानपूर्वक सुना।

इसके उपरांत पुलिस महानिरीक्षक द्वारा सभी रिक्रूट आरक्षियों को देश सेवा, संविधान के प्रति निष्ठा तथा जनसुरक्षा की पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। शपथ ग्रहण के बाद टोलियों ने गर्व के साथ मार्च पास्ट करते हुए प्रस्थान किया। समारोह के अंत में उपस्थित अधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं अभिभावकों ने नव-प्रशिक्षित आरक्षियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षी मो. सिराज – सर्वांग सर्वोत्तम (सम्पूर्ण परीक्षा में प्रथम), रिक्रूट आरक्षी दीपक कुमार आउटडोर परीक्षा में प्रथम, परेड कमांडर-I – कृष्णदत्त, परेड कमांडर-II अभिषेक पाण्डेय व परेड कमांडर-III – अरबाज खान को सम्मानित भी किया गया।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा