यूपी को साइबर सुरक्षा के अभेद्य कवच से लैस करेगी योगी सरकार, डेटा सुरक्षा और साइबर हमलों से बचाव पर हुआ मंथन
- यूपीएसआईएफएस की पहल पर सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, डीएससीआई और सिस्को की संयुक्त कार्यशाला
- शासन-प्रशासन, पुलिस, तकनीकी संस्थानों और उद्योग जगत के दिग्गज आए एक मंच पर
लखनऊ, 25 नवंबर (हि.स.)। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), क्वांटम कंप्यूटिंग और तेजी से बदलती डिजिटल तकनीक के दौर में साइबर सुरक्षा की चुनौतियां भी जटिल होती जा रही हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश को डिजिटल रूप से सुरक्षित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए महत्वपूर्ण मंथन हुआ। उत्तर प्रदेश स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंस (यूपीएसआईएफएस) के निदेशक डॉ. जीके गोस्वामी की पहल पर आयोजित विशेष कार्यशाला में शासन-प्रशासन, पुलिस, साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों, तकनीकी संस्थानों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने प्रदेश के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर की सुरक्षा, डेटा संरक्षण और साइबर हमलों से बचाव के उपायों पर विचार साझा किए।
गोमती नगर विस्तार स्थित यूपी-112 मुख्यालय के प्रज्ञा कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस कार्यशाला में सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग, डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (डीएससीआई) और सिस्को सहयोगी संस्थाओं के रूप में शामिल हुए। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सरकारी विभागों और महत्वपूर्ण डिजिटल प्रणालियों की सुरक्षा तैयारियों का आकलन करना, साइबर गवर्नेंस को मजबूत करना और उभरती तकनीकों से पैदा होने वाले खतरों से निपटने के लिए संस्थागत क्षमता विकसित करने पर मंथन करना रहा।
डॉ. जीके गोस्वामी ने कार्यशाला के आयोजन और विशेषज्ञों को एक मंच पर लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यशाला में वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों, तकनीकी विशेषज्ञों, साइबर सुरक्षा पेशेवरों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और शिक्षाविदों ने प्रदेश में साइबर सुरक्षा के लिए सक्रिय, समन्वित और भविष्य के अनुरूप व्यवस्था विकसित करने के महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इसमें सरकारी डिजिटल प्रणालियों की सुरक्षा तैयारियों, साइबर हमलों से निपटने की क्षमता और उभरती तकनीकों के अनुरूप सुरक्षा तंत्र को मजबूत करने जैसे विषयों पर विशेष चर्चा हुई।
कार्यशाला में एआई आधारित साइबर खतरों, क्वांटम तकनीक के दौर में संभावित सुरक्षा कमजोरियों, डिजिटल प्लेटफॉर्म की जवाबदेही और साइबर घटनाओं के प्रभावी प्रबंधन पर भी विचार-विमर्श किया गया।
यूपी एआई मिशन से लेकर क्वांटम कंप्यूटिंग तक पर चर्चा
उत्तर प्रदेश सरकार के सलाहकार अवनीश अवस्थी ने कहा कि सुदृढ़ और भविष्य के लिए तैयार उत्तर प्रदेश के निर्माण में आधुनिक तकनीक की निर्णायक भूमिका है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने दो हजार करोड़ रुपये के यूपी एआई मिशन को स्वीकृति दी है। इसके तहत बच्चों के पोषण की निगरानी जैसी जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान में एआई का उपयोग और युवाओं को प्रशिक्षण देने पर जोर रहेगा। उन्होंने तकनीकी विशेषज्ञों और संस्थाओं से मिशन के तहत प्रस्ताव भेजने का आह्वान किया।
क्वांटम कंप्यूटिंग पर उन्होंने बताया कि सरकार आईआईटी कानपुर के सहयोग से क्वांटम कंप्यूटर स्थापित करने की दिशा में प्रयासरत है। यूपीएसआईएफएस भी स्वदेशी क्वांटम कंप्यूटर लाने की पहल कर रहा है। उन्होंने ग्रामीण युवाओं तक तकनीक की पहुंच बढ़ाने के लिए 25 लाख टैबलेट वितरण, डेटा सेंटर के विस्तार और सरदार वल्लभभाई पटेल रोजगार एवं प्रशिक्षण योजना के तहत निजी कंपनियों को कौशल केंद्र स्थापित करने के लिए आमंत्रित करने की जानकारी दी।
कार्यकुशलता के साथ संवेदनशीलता और डेटा की शुद्धता जरूरी : लीना जौहरी
महिला एवं बाल विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी ने कहा कि तकनीक की सफलता इस बात से तय होगी कि वह आम व्यक्ति का जीवन कितना आसान और सुरक्षित बनाती है। सरकारी सेवाओं में एआई का इस्तेमाल बढ़ाते समय लाभार्थियों की निजता, गरिमा और भरोसे की रक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशील विभाग में एक गलत प्रविष्टि किसी बच्चे को जरूरी पोषण सेवाओं से वंचित कर सकती है। वहीं, उत्पीड़न की शिकायत करने वाली महिला की जानकारी का खुलासा उसकी सुरक्षा को जोखिम में डाल सकता है। इसलिए कार्यकुशलता के साथ संवेदनशीलता और डेटा की शुद्धता जरूरी है।
तकनीक के साथ अनुभव और मानवीय समझ भी जरूरी : कामिनी चौहान रतन
राज्य कर विभाग की प्रमुख सचिव कामिनी चौहान रतन ने कहा कि तकनीक के साथ अनुभव और मानवीय समझ भी जरूरी है। करदाताओं से संवाद तथा ‘विभाग आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें साथ लेकर आगे बढ़ा जाएगा। इसका उद्देश्य कुशल कर प्रशासन, सुशासन और करदाताओं की बात सुनते हुए अनुपालन सुनिश्चित करना है।
साइबर सुरक्षा में एआई का इस्तेमाल जरूरी, लेकिन जवाबदेही भी हो तय
पैनल चर्चा का संचालन करते हुए डॉ. हीरा लाल ने डिजिटल तकनीक में विश्वास, सुरक्षा और जवाबदेही के बीच संतुलन बनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने अमेरिका में एयरलाइंस और बैंक पर हुए साइबर हमलों का उदाहरण देते हुए कहा कि विकसित देश भी इन खतरों से पूरी तरह सुरक्षित नहीं हैं। हालांकि, खतरों के डर से डिजिटल तकनीक से दूरी बनाना विकास की गति को प्रभावित कर सकता है।
वहीं, यूपी एटीएस के डीआईजी अभिषेक यादव ने कहा कि फर्जी डिजिटल पहचान और सोशल मीडिया से जुड़ी चुनौतियों से निपटने के लिए सरकारी एजेंसियों को आधुनिक तकनीक अपनानी होगी। एआई लाखों डेटा का विश्लेषण कर जांच और कानून प्रवर्तन में मदद कर सकता है लेकिन अंतिम निर्णय मानव अधिकारी का ही होना चाहिए। उन्होंने ट्रैफिक प्रबंधन में भी एआई आधारित रियल टाइम डेटा विश्लेषण को उपयोगी बताया।
सार्वजनिक कार्यालयों में सेना की तर्ज पर नियमित साइबर सुरक्षा अभ्यास और जांच की जरूरत
कर्नल शिखा मेहरोत्रा ने सरकारी अस्पतालों, बैंकों और सार्वजनिक कार्यालयों में सेना की तर्ज पर नियमित साइबर सुरक्षा अभ्यास और जांच की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि साइबर हमले से पहले ही सुरक्षा तैयारियां पूरी होनी चाहिए। वहीं, सिस्को इंडिया और दक्षिण एशिया के सीटीओ सिक्योरिटी एवं निदेशक संदीप अग्रवाल ने एआई को साइबर सुरक्षा के लिए फोर्स मल्टीप्लायर बताया। उन्होंने आइडेंटिटी एवं एक्सेस मैनेजमेंट, सेगमेंटेशन और विजिबिलिटी को मजबूत साइबर सुरक्षा के तीन प्रमुख स्तंभ बताया। उनके अनुसार एआई तकनीकी कमजोरियों की पहचान कर सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावी बना सकता है।
विशेष पैनल में श्रम एवं सेवायोजन (रोजगार) विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. आशीष कुमार गोयल, एमएसएमई विभाग के सचिव प्रांजल यादव, यूपी डेवलपमेंट सिस्टम्स कॉरपोरेशन लिमिटेड की प्रबंध निदेशक आकांक्षा राणा, उत्तर प्रदेश वन निगम के अपर प्रबंध निदेशक डॉ. सुजॉय बनर्जी, आयकर आयुक्त (अपील) लखनऊ डॉ. नील जैन, डीआरआई लखनऊ जोन के एडीजी डॉ. विद्युत विकास, 35वीं वाहिनी पीएसी, लखनऊ के कमांडेंट अमित कुमार, यूआईडीएआई क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ के निदेशक कर्नल (डॉ.) प्रवीण कुमार सिंह, डीएससीआई के अतुल कुमार, आईआईटी इलाहाबाद के प्रो. वृजेंद्र सिंह ने भी संबोधित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा