प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर जन भवन में 100 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण

 


लखनऊ, 17 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को जन भवन में 09 से 14 वर्ष आयु वर्ग की 100 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण विशेष कार्याधिकारी राज्यपाल (अपर मुख्य सचिव स्तर) डॉ. सुधीर महादेव बोबडे की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। लखनऊ स्थित विभिन्न विद्यालयों से आई बालिकाओं ने इस टीकाकरण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर डॉ. बोबडे ने बालिकाओं से संवाद कर उनका कुशल-क्षेम पूछा तथा एचपीवी टीकाकरण की उपयोगिता एवं महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में भविष्य के लिए महत्वपूर्ण पूर्व सुरक्षा है। उन्होंने बताया कि राज्यपाल की प्रेरणा से इस दिशा में पहल की गई और आज यह अभियान देशभर में संचालित हो रहा है। उन्होंने बालिकाओं को टीके से संबंधित जानकारी दी तथा कहा कि लंबे समय के शोध एवं अनुसंधान के बाद विकसित यह टीका उन्हें सुरक्षित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रदान करता है।

उन्होंने कहा कि बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य के लिए इस प्रकार के प्रयास अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आज के कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की भूमिका की सराहना करते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम को बधाई दी।

टीकाकरण के उपरांत सभी बालिकाओं को फल के पैकेट एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। डॉ. बोबडे ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि टीकाकरण कराने वाली बालिकाओं में पोषण की दृष्टि से कमजोर बालिकाओं को चिन्हित कर उनकी न्यूट्रिशन काउंसलिंग कराई जाए तथा उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों से संवाद कर उन्हें आवश्यक पोषण उपलब्ध कराने के लिए जागरूक किया जाए।

उन्होंने बालिकाओं को जन भवन परिसर का भ्रमण कराने के भी निर्देश दिए, ताकि वे परिसर की विभिन्न गतिविधियों एवं नवाचारों से परिचित हो सकें।

कार्यक्रम में मिशन निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, डॉ. पिंकी जोवल, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं चिकित्सकीय टीम तथा जन भवन के अधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा