गोरखपुर में हर घर तिरंगा यात्रा का अधिवक्ता करेंगे स्वागत, हाेगी पुष्पवर्षा

 

गोरखपुर, 09 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गाेरखपुर जिले में भाजपा की ओर से 10 अगस्त को आयोजित होने वाली ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ के स्वागत को लेकर भाजपा विधि प्रकोष्ठ ने अधिवक्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता का आह्वान किया है। यात्रा का शुभारंभ टाउन हॉल स्थित रानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा से होगा। यात्रा का नेतृत्व प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।

भाजपा विधि प्रकोष्ठ गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय संयोजक एडवोकेट अमिताभ त्रिपाठी ‘अटल’ एवं क्षेत्रीय सह संयोजक एडवोकेट अजय गुप्ता ‘बजरंगी’ ने संयुक्त रूप से अधिवक्ताओं से अपील की कि राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति की भावना से जुड़ी इस तिरंगा यात्रा में अधिवक्ता समाज बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करे।

उन्होंने बताया कि यात्रा के स्वागत के लिए सुबह नौ बजे गोलघर स्थित कलेक्ट्रेट चौराहे पर ‘टिक टॉक विजन’ के पास अधिवक्ता एकत्र होंगे। यहां तिरंगा यात्रा का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय