सड़क हादसों में जान बचाने के लिए पुलिसकर्मियों को दिया प्रशिक्षण
गोरखपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने और दुर्घटना के बाद घायलों को तत्काल जीवनरक्षक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यातायात पुलिस की ओर से जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट (जेएफडी) कार्यक्रम के तहत तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शुक्रवार को पुलिस लाइन गोरखपुर स्थित व्हाइट हाउस में आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में विभिन्न थानों पर गठित सीसी टीमों के पुलिसकर्मियों को सड़क दुर्घटना के दौरान त्वरित कार्रवाई और प्राथमिक जीवनरक्षक उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक यातायात एवं क्षेत्राधिकारी यातायात ने की। प्रशिक्षण सेव लाइफ फाउंडेशन की टीम द्वारा प्रदान किया गया।कार्यशाला में जनपद के 14 थानों में गठित सीसी टीमों में से आठ टीमों के प्रभारी एवं उनके सदस्यों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों की मदद करने, दुर्घटना के बाद तत्काल आवश्यक कदम उठाने तथा पीड़ित को समय पर चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने गुड सेमेरिटन की भूमिका पर भी प्रकाश डाला और बताया कि दुर्घटना के बाद शुरुआती समय में मिलने वाली सहायता घायल व्यक्ति के लिए बेहद महत्वपूर्ण हो सकती है।
कार्यशाला में पुलिसकर्मियों को सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से समझाया गया। विशेषज्ञों ने इसके विभिन्न चरणों की जानकारी देने के साथ ही मौके पर सीपीआर देने का व्यावहारिक डेमो भी प्रस्तुत किया।
पुलिसकर्मियों को बताया गया कि दुर्घटना अथवा आपात स्थिति में घायल व्यक्ति की स्थिति का आकलन करते हुए किस प्रकार तत्काल जीवनरक्षक सहायता प्रदान की जा सकती है।
प्रशिक्षण के दौरान सड़क दुर्घटनाओं में जनहानि कम करने के उपायों, घायलों के प्राथमिक उपचार तथा आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की भूमिका पर भी चर्चा की गई। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सभी प्रतिभागियों की परीक्षा (टेस्ट) ली गई। प्रशिक्षण में सहभागिता करने वाले पुलिसकर्मियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यशाला में सेव लाइफ फाउंडेशन की टीम, प्रभारी निरीक्षक यातायात के साथ थाना गुलरिहा, कैंट, खोराबार, झंगहा, चौरीचौरा, सहजनवां, गीडा और पिपराइच की सीसी टीमों के प्रभारी एवं पुलिसकर्मी अपनी-अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय