कैंपियरगंज हत्याकांड का खुलासा: मामी की हत्या कर जेवरात लूटने वाली भांजी गिरफ्तार
गोरखपुर, 22 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाेरखपुर के
कैंपियरगंज थाना क्षेत्र में जंगल बब्बन में मिली वृद्ध महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतका की ही भांजी को गिरफ्तार किया है, जिसने तानों से परेशान होकर अपनी मामी की हत्या कर उसके जेवरात लेकर फरार हो गई थी।
साेमवार काे इस पूरे मामले का खुलासा एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र ने पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में किया।
उन्हाेंने बताया कि कल 21 जून को जंगल बब्बन के पास सड़क से करीब 150-200 मीटर अंदर एक लगभग 60 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। पुलिस टीम ने जांच के दौरान संदेह के आधार पर राधिका पासवान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिसमें उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि मृतका उसकी मामी थी, जो उसे अक्सर ताने मारती थी। इसी बात से नाराज होकर उसने हत्या की साजिश रची।
20 जून को उसने अपनी मामी को फोन कर अपनी बेटी की शादी की बात करने के बहाने रामपुर बुलाया और वहां से कैंपियरगंज ले जाने लगी। रास्ते में जंगल के पास शौच का बहाना बनाकर दोनों नीचे उतर गईं।
जंगल के अंदर पहुंचने पर अभियुक्ता ने पहले हमला करने की कोशिश की, जिससे दोनों के बीच संघर्ष हुआ। इसके बाद उसने चाकू से मामी के गले पर वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने मृतका के शरीर से जेवरात उतार लिए और मौके से फरार हो गई।
पुलिस ने अभियुक्ता के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, चांदी की पायल, अंगूठियां, सोने के टप्स, किल, ओम लॉकेट, टूटी हुई सोने की चेन और एक मोबाइल बरामद किया है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराओं की बढ़ोतरी भी की गई है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सिंह, एसओजी/स्वाट टीम, सर्विलांस सेल और थाना कैंपियरगंज की पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय