गोरखपुर में फर्जी दस्तावेजों से जमीन की दोहरी बिक्री करने वाला शातिर गिरफ्तार
गोरखपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर में जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी के एक सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए गीडा पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर लोगों को ठगने वाले शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपित ने पहले अपनी जमीन को वैध रूप से बेच दिया था, लेकिन लालच में आकर उसने उसी जमीन के फर्जी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर दोबारा एक महिला को बेच दिया। जब पीड़िता को इस धोखाधड़ी का पता चला तो उसने तत्काल थाना गीडा में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मामला पंजीकृत कर गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान साक्ष्यों को खंगालते हुए पुलिस टीम ने आरोपित अभय कुमार पाण्डेय उर्फ अभिनव पाण्डेय पुत्र लक्ष्मी शंकर पाण्डेय, निवासी बड़गहन, थाना गीडा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ थाना गीडा में मु0अ0सं0-120/26 एवं 167/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय