गोरखपुर पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में तीन आरोपित किए गिरफ्तार
गोरखपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर के कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट से संबंधित तीन वांछित आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई चलाए जा रहे अभियान के तहत की।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में आशुतोष सिंह, हर्ष जायसवाल और अनिकेत भारती उर्फ गोलू शामिल हैं।
ये सभी आरोपित गिरोह बनाकर विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त थे और आम लोगों के साथ सामूहिक रूप से गंभीर अपराध, विशेषकर हत्या के प्रयास जैसे मामलों को अंजाम देते थे।
इनकी आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए थाना कोतवाली में उत्तर प्रदेश गिरोहबंद और समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, धमकी, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराएं शामिल हैं। आरोपिताें के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों और आपराधिक इतिहास को देखते हुए गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है, ताकि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय