मिशन शक्ति : गोरखपुर में महिलाओं और बालिकाओं को किया गया सशक्त

 




गोरखपुर, 22 अप्रैल (हि.स.)। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर चलाए जा रहे “मिशन शक्ति फेज-5.0” (फेज-2) के विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद गोरखपुर में पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं पुलिस अधीक्षक अपराध/नोडल मिशन शक्ति के पर्यवेक्षण में यह अभियान पूरे जिले में सक्रिय रूप से चलाया जा रहा है।

अभियान में महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनों के बारे में विस्तार से बताया गया। इनमें घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण अधिनियम, अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, बाल श्रम कानून तथा भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत महिलाओं की गरिमा के विरुद्ध अपराधों से संबंधित प्रावधान शामिल रहे।

अभियान के दौरान महिला सुरक्षा से जुड़ी विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी भी दी गई। पुलिस टीम ने महिलाओं को वीमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, सीएम हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, साइबर हेल्पलाइन 1930, स्वास्थ्य सेवा 102 और एंबुलेंस सेवा 108 के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ ही मोबाइल में इमरजेंसी कॉल एवं पैनिक बटन के उपयोग का लाइव डेमो भी प्रस्तुत किया गया, जिससे महिलाएं आपात स्थिति में तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय