एचपीजीके और गैलेंट ग्रुप की ऐतिहासिक साझेदारी, गोरखपुर के रियल एस्टेट क्षेत्र को मिलेगी नई पहचान
गोरखपुर, 18 अक्टूबर (हि.स.)। पूर्वांचल के तेजी से विकसित हो रहे शहर गोरखपुर में आधुनिक आवासीय विकास को नई दिशा देने की तैयारी है। शहर के दो प्रतिष्ठित व्यावसायिक घरानों एचपीजीके ग्रुप और गैलेंट ग्रुप ने ऐतिहासिक साझेदारी की घोषणा करते हुए रामगढ़ताल क्षेत्र में एक महत्वाकांक्षी ग्रुप हाउसिंग परियोजना विकसित करने का निर्णय लिया है।
होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट में रविवार काे आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान दोनों समूहों के प्रमुखों ने इस साझेदारी की जानकारी देते हुए परियोजना की रूपरेखा और अपने साझा संकल्पों को सामने रखा। रामगढ़ताल क्षेत्र में पाम पैराडाइज के पास प्रस्तावित इस परियोजना के अंतर्गत लगभग 9 लाख वर्गफुट निर्माण की योजना है, जिसमें करीब 300 अपार्टमेंट विकसित किए जाने का प्रस्ताव है। परियोजना में डुप्लेक्स अपार्टमेंट सहित आधुनिक जीवनशैली के अनुरूप विभिन्न सुविधाओं को शामिल करने की योजना है।
आधुनिक सुविधाओं के साथ प्रकृति का मिलेगा सानिध्य
लगभग 300 अपार्टमेंट वाली इस आवासीय योजना में डुप्लेक्स अपार्टमेंट भी प्रस्तावित हैं। परियोजना में पर्याप्त कवर्ड पार्किंग की व्यवस्था के साथ आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इसके अतिरिक्त निवासियों के लिए समर्पित क्लब हाउस प्रस्तावित है, जहां सामुदायिक गतिविधियों, मेल-मिलाप और मनोरंजन के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए ऑक्सीजन पार्क तथा सुबह-शाम टहलने और जॉगिंग के लिए वॉकिंग ट्रैक भी परियोजना की प्रमुख विशेषताओं में शामिल होंगे।
गैलेंट ग्रुप के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक चंद्र प्रकाश अग्रवाल ने एचपीजीके ग्रुप के साथ साझेदारी पर कहा कि एचपीजीके जैसे प्रतिष्ठित और विश्वसनीय संस्थान के साथ मिलकर काम करना खुशी की बात है। यह सहयोग रियल एस्टेट क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण विकास के नए अवसरों और बेहतर आवासीय सुविधाओं की संभावनाओं पर आधारित है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय