गोरखपुर : नेपाल आपदा पीड़ितों के लिए दवा विक्रेता समिति ने बढ़ाया मदद का हाथ

 




गोरखपुर, 06 सितंबर (हि.स.)। नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर की दवा विक्रेता समिति, भालोटिया मार्केट ने मदद का हाथ बढ़ाते हुए आवश्यक दवाओं का सहयोग प्रदान किया। समिति की ओर से उपलब्ध कराई गई दवाएं मानव सेवा संस्थान ‘सेवा’ के माध्यम से नेपाल के प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंदों तक पहुंचाई जाएंगी।

समिति के अध्यक्ष योगेन्द्र नाथ दूबे ने कहा कि आपदा की कोई सीमा नहीं होती और मानवता भी सीमाओं की मोहताज नहीं है। नेपाल के लोग इस समय कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे हैं। संकट की घड़ी में जरूरतमंदों के साथ खड़ा होना ही सच्ची मानव सेवा है। उन्होंने कहा कि दवा व्यवसायी समाज अपनी क्षमता के अनुसार राहत कार्यों में सहयोग करता रहेगा। मानव सेवा संस्थान ‘सेवा’ के निदेशक पुरू मयंक त्रिपाठी ने समिति एवं भालोटिया मार्केट के दवा व्यवसायियों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि आपदा की घड़ी में प्राप्त प्रत्येक सहयोग महत्वपूर्ण है। संस्थान की ओर से नेपाल के प्रभावित क्षेत्रों के लिए दवाएं, कपड़े, आर्थिक सहयोग और अन्य आवश्यक राहत सामग्री एकत्रित की जा रही है। आशा FM 89.6 के निदेशक नवीन पाण्डेय ने कहा कि आपदा किसी सीमा को नहीं पहचानती और मानवीय संवेदनाएं भी सीमाओं से परे होती हैं। नेपाल के आपदा पीड़ितों की सहायता के लिए समाज के हर वर्ग को अपनी क्षमता के अनुसार आगे आना चाहिए। राहत कार्यों को प्रभावी बनाने में जनभागीदारी महत्वपूर्ण है।

परियोजना समन्वयक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि प्राप्त दवाओं एवं अन्य राहत सामग्री को प्रभावित क्षेत्रों की आवश्यकता के अनुसार व्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि सहायता सही व्यक्ति तक सही समय पर पहुंच सके। इस अवसर पर पुरू मयंक त्रिपाठी, नवीन पाण्डेय एवं धर्मेंद्र सिंह ने समिति के अध्यक्ष योगेन्द्र नाथ दूबे, महामंत्री आलोक चौरसिया सहित सभी पदाधिकारियों और सहयोगी दवा व्यवसायियों के प्रति आभार जताया। समिति एवं संस्थान ने लोगों से नेपाल के आपदा पीड़ितों के लिए दवा, कपड़े, आर्थिक सहयोग अथवा अन्य आवश्यक सामग्री देने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय