गोरखपुर : गणेश प्रतिमा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था का जिलाधिकारी-एसएसपी ने लिया जायजा
-विसर्जन स्थल और मार्गों का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
गोरखपुर, 18 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने शुक्रवार को शहर के थाना राजघाट एवं थाना कोतवाली क्षेत्र में स्थापित श्रीगणेश प्रतिमाओं के पंडालों का भ्रमण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने पंडालों में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था तथा आगामी प्रतिमा विसर्जन को लेकर किए गए इंतजामों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं एसएसपी ने गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित स्थलों तथा विसर्जन मार्गों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध तथा आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने विसर्जन मार्गों पर साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने तथा विसर्जन के दौरान भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने पंडालों एवं विसर्जन मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
अधिकारियों ने संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि गणेश प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी कर ली जाएं। इस दौरान एडीएम सिटी, पुलिस अधीक्षक नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, थानाध्यक्ष राजघाट सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय