गोरखपुर में बिना रॉयल्टी के बालू खनन पर हाेगी सख्ती, जिलाधिकारी ने बैठक में दिये कार्रवाई के निर्देश-
-बिना रॉयल्टी और कागजात जांचे किसी वाहन को जिले में प्रवेश न देने के डीएम ने दिए निर्देश
गोरखपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर के जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को बालू खनन एवं परिवहन व्यवस्था को लेकर बैठक हुई। इसमें अवैध खनन, बिना रॉयल्टी बालू परिवहन, ओवरलोडिंग और वाहनों के दस्तावेजों की जांच को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोरखपुर जनपद में बिना रॉयल्टी किसी भी हालत में बालू का खनन अथवा परिवहन नहीं चलेगा। वैध पट्टे की आड़ में अवैध तरीके से बालू का परिवहन करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि पट्टाधारकों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखने की जरूरत है। यह सुनिश्चित किया जाए कि पट्टे की अनुमति के अनुसार ही खनन और परिवहन हो। यदि कोई पट्टाधारक वैध खनन की आड़ में अवैध वाहनों का संचालन करता पाया जाता है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि खनन स्थल से लेकर बालू के पड़ाव और गंतव्य तक पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाए।
बैठक में मिर्जापुर और सोनभद्र से आने वाले बालू लदे वाहनों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि इन जनपदों की ओर से गोरखपुर आने वाले वाहनों की जांच की जाए। वाहन के पास वैध रॉयल्टी है या नहीं, बिल्टी और अन्य कागजात सही हैं या नहीं, इसका सत्यापन किया जाए। उन्होंने साफ कहा कि बिना रॉयल्टी और जरूरी कागजात की जांच किए किसी भी बालू लदे वाहन को जनपद में प्रवेश नहीं मिलना चाहिए।
कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों की ओर से बैठक में बताया गया कि वाहनों की कीमत बढ़ने के कारण कई स्थानों पर ओवरलोड वाहनों के संचालन की स्थिति सामने आती है। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट कर दिया कि वाहन महंगे होने का हवाला देकर ओवरलोडिंग की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि किसी भी हालत में ओवरलोड वाहन जनपद में नहीं चलेंगे।
बैठक में एसपी सिटी निमिष पाटील, एडीएम सिटी गजेंद्र कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व जय प्रकाश, एसपी ट्रैफिक अमित श्रीवास्तव, खनन अधिकारी अजीत पांडेय, एआरटीओ अरुण कुमार समेत संबंधित विभागों के अधिकारी, कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि और ट्रक यूनियन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय