गुणवत्तायुक्त शिक्षा सभी बच्चों का मौलिक अधिकार : शाबिस्ता परवीन

 




गोरखपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गोरखपुर में साेमवार काे शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से पिपराइच ब्लॉक के पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय गौरा में ब्लॉक स्तरीय “स्कूल चलो रैली” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी शाबिस्ता परवीन ने बतौर मुख्य अतिथि शिक्षा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में खंड शिक्षा अधिकारी शाबिस्ता परवीन ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है और इसे सुनिश्चित करना समाज के हर वर्ग की जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे 6 से 14 वर्ष तक के सभी बच्चों का नामांकन अपने निकटतम प्राथमिक विद्यालय में अवश्य कराएं, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाए।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में वृहद पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शाबिस्ता परवीन ने “एक पौधा मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी उतनी ही आवश्यक है। इस अवसर पर पिपराइच के अमित कुमार राय सहित अन्य शिक्षक, शिक्षक संघ के पदाधिकारी, अभिभावक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालय से जोड़ना और शिक्षा के प्रति समाज में सकारात्मक माहौल तैयार करना रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय