मीरजापुरः गड़बड़ा धाम में 20 हजार श्रद्धालुओं ने किए मां शीतला के दर्शन
मीरजापुर, 21 सितंबर (हि.स.)। हलिया विकास खंड के गड़बड़ा धाम स्थित मां शीतला देवी मंदिर में सोमवार को भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सुबह से ही मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की कतार लगने लगी। श्रद्धालु नारियल, चुनरी, फूल-माला और प्रसाद लेकर मां के दरबार में पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
भोर से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आवागमन शुरू हो गया। मां के जयकारों और घंटे-घड़ियाल की ध्वनि से परिसर भक्तिमय बना रहा। महिला, पुरुष और बच्चों ने कतारबद्ध होकर दर्शन किए। कई श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचने से पहले सेवटी नदी में स्नान किया और इसके बाद मां के चरणों में पूजा-अर्चना की।
मंदिर के पुजारी मंगलधारी मिश्र ने बताया कि सुबह से शाम तक करीब 20 हजार श्रद्धालुओं ने मां शीतला के दर्शन-पूजन किए। दर्शन के बाद लोगों ने मंदिर परिसर और आसपास लगी दुकानों से प्रसाद, पूजा सामग्री और घरेलू सामान की खरीदारी की।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर हलिया पुलिस टीम मंदिर परिसर और आसपास क्षेत्र में भ्रमण करती रही। हालांकि मंदिर के आसपास जगह-जगह गंदगी का ढेर लगा रहा। इससे उठ रही दुर्गंध के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर और आसपास नियमित सफाई की व्यवस्था कराने की मांग की।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा