वाराणसी नगर निगम ने बेनियाबाग की बकरा मंडी हटायी, विक्रेताओं के छलका दर्द
वाराणसी, 26 मई (हि. स.)। वाराणसी नगर निगम ने बकरीद से पहले बेनियाबाग में लगने वाली बकरा मंडी हटा दी और सड़क पर भी बकरे की बिक्री पर राेक लगा दी। निगम के इस फैसले का असर सीधा बकरा विक्रेताओं की जेब पर पड़ा है। बकरा विक्रेता पूंजी लगाकर बकरा बेचने आए थे और अब उनके आंखों से आंसू निकल आए हैं। बकरीद के कुछ घंटे पहले वाराणसी में बकरा नहीं बेच पाने पर विक्रेताओं के दर्द छलक उठा है।
बेनियाबाग में बकरा मंडी में सिर्फ बनारस ही नहीं आसपास के जिलों से भी बकरा बेचने के लिए विक्रेता आते रहे हैं। इस बार स्मार्ट सिटी ने बकरा मंडी का टेंडर किया था, जिसे नगर निगम ने निरस्त किया और इसके बाद बकरा मंडी बंद हो गई। बकरा मंडी बंद होने पर यूनुस और हनीफ ने कहा कि वे दोनों बकरा विक्रेता है और ग्रामीण क्षेत्र से कर्ज पर रुपए लेकर बकरे को खरीद कर मंडी में बड़े भाव में बेचने आए थे। अब मंडी बंद होने से वे भटकने के लिए मजबूर हो गए हैं।
विक्रेता नशीम ने कहा कि वाराणसी नगर निगम के अधिकारियों ने अचानक से लाइसेंस रद्द किया और बकरा मंडी बंद किया। नगर निगम की कार्रवाई ने बकरा बेचने वालों की आर्थिक और मानसिक दोनों तरह से कमर तोड़ दी है। करीब दो हजार बकरे अब बेचने को बाकी है, जबकि यहां ना पानी की व्यवस्था बची है और धूप गर्मी तो इंतहा है।
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि बेनिया बाग पार्क की सुंदरता बनाए रखने के लिए वहां लगने वाली बकरा मंडी को हटाया गया। बकरा मंडी को सड़क पर भी लगाने की अनुमति नहीं है। बकरा विक्रेताओं को यहां से चले जाने के लिए कहा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / शरद