ग्लास फैक्टरी में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

 


फिरोजाबाद, 23 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना लाइनपार क्षेत्र अन्तर्गत मीरा चौराहा के पास सेंट जोंस स्कूल वाली गली स्थित एक ग्लास फैक्टरी में शुक्रवार देर रात आग लग गई। फायर टीम ने आग पर काबू पाया। आग से लाखों के नुकसान की आशंका है।

थाना लाइनपार क्षेत्र अन्तर्गत मीरा चौराहा के पास सेंट जोंस स्कूल वाली गली में बीती देर रात शुक्रवार उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फारूकी ग्लास फैक्टरी में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने फैक्टरी के अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। फैक्टरी से उठती लपटों और धुएं के गुबार को देखकर इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही फैक्टरी मालिक समर मित्तल मौके पर पहुंचे और तुरंत फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी।

सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से आसपास की फैक्ट्रियों और मकानों में आग फैलने से बचाव हो गया।

प्राथमिक अनुमान के मुताबिक, आग से फैक्टरी में रखा काफी सामान जलकर राख हो गया है। जिससे लाखों का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। माना जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के चलते यह हादसा हुआ है। पुलिस व फायर टीम मामले की जांच कर रही है।---------

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़