राष्ट्रपति भवन पहुंचीं बलरामपुर की बेटियां, राष्ट्रपति को बांधीं राखी

 




बलरामपुर, 28 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलशामपुर के तुलसीपुर स्थित आदि-शक्ति मां पाटेश्वरी पब्लिक स्कूल की चार छात्राओं के लिए रक्षाबंधन पर्व इस बार यादगार और ऐतिहासिक बन गया। राष्ट्रपति भवन से मिले विशेष निमंत्रण पर विद्यालय की छात्राएं नई दिल्ली पहुंचीं और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर उन्हें रक्षासूत्र बांधा। इस दौरान राष्ट्रपति ने छात्राओं से आत्मीयता से बातचीत की और उन्हें आशीर्वाद दिया।

विद्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि कक्षा 12 की प्रगति पाठक, कक्षा 10 की हर्षिता यादव, कक्षा 12 की प्रस्तुति गुप्ता तथा कक्षा नाै की अनुष्का पाण्डेय राष्ट्रपति भवन पहुंचीं। छात्राओं के साथ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. डीपी सिंह और अध्यापिका अनीता गुप्ता भी मौजूद रहीं। छात्राओं ने राष्ट्रपति को राखी बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

राष्ट्रपति से मुलाकात के बाद छात्राओं में खासा उत्साह और खुशी देखने को मिली। सीमावर्ती एवं ग्रामीण अंचल के विद्यालय की छात्राओं को देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन राष्ट्रपति से मिलने और उन्हें रक्षासूत्र बांधने का अवसर मिलना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।

दिल्ली रवाना होने से पहले छात्राओं ने शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पहुंचकर पीठाधीश्वर मिथिलेश नाथ योगी से आशीर्वाद लिया था। इसके अलावा दल ने गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में भी महायोगी गुरु गोरखनाथ का पूजन-अर्चन किया।

राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति से मुलाकात की खबर मिलते ही तुलसीपुर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय परिवार, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों ने छात्राओं को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य डॉ. डीपी सिंह ने कहा कि छात्राओं के लिए यह अवसर जीवनभर याद रहने वाला है और विद्यालय परिवार के साथ पूरे जनपद के लिए गर्व की बात है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभाकर कसौधन