राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्रा ने प्रदेश में बढ़ाया मान, लोगो डिजाइन प्रतियोगिता में हासिल किया तीसरा स्थान
मीरजापुर, 04 जून (हि.स.)। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चुनार की हाईस्कूल की छात्रा श्रद्धा कुमारी ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रदेश स्तरीय लोगो डिजाइन प्रतियोगिता में तृतीय स्थान प्राप्त किया है। छात्रा की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार के साथ-साथ क्षेत्र में भी खुशी का माहौल है।
विश्व बैंक के सहयोग से उत्तर प्रदेश क्लीन एयर मैनेजमेंट प्रोजेक्ट अथॉरिटी (यूपीकैम्प) की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में श्रद्धा द्वारा तैयार किए गए लोगो को प्रदेश स्तर पर सराहा गया। पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वायु के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश भर से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पांच जून को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित होने वाले समारोह में श्रद्धा कुमारी को मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित किया जाएगा।
विद्यालय की प्रधानाचार्य रश्मि सिंह ने छात्रा की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि श्रद्धा ने अपनी मेहनत और रचनात्मक सोच के बल पर विद्यालय का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। छात्रा की उपलब्धि पर शिक्षकों, सहपाठियों और क्षेत्रवासियों ने भी हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा