गंगा दशहरा पर तालाब में गुड्डा-गुड़िया प्रवाहित करने गई किशोरी की डूबने से मौत

 


मीरजापुर, 26 मई (हि.स.)। लालगंज थाना क्षेत्र के कनोखर गांव में गंगा दशहरा के अवसर पर मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। गुड्डा-गुड़िया प्रवाहित करने तालाब पर गई चार सहेलियों में से एक किशोरी की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

जानकारी के अनुसार कनोखर गांव निवासी 17 वर्षीय काजल, पुत्री रामायण प्रसाद, अपनी सहेलियों के साथ गंगा दशहरा के अवसर पर गांव के तालाब पर गुड्डा-गुड़िया प्रवाहित करने गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूजा के दौरान काजल अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। सहेलियों के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया गया।

सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण भी तालाब की ओर दौड़ पड़े। काफी प्रयास के बाद किशोरी को पानी से बाहर निकाला गया। गंभीर हालत में परिजन उसे तत्काल बरौंधा स्थित अर्श हॉस्पिटल ले गए, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पर यूपी-112 पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। इस संबंध में थाना प्रभारी अभय कुमार सिंह ने बताया कि तालाब में डूबने से किशोरी की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।

किशोरी की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने बताया कि गंगा दशहरा की धार्मिक परंपरा निभाने के लिए किशोरियां तालाब पर गई थीं, लेकिन यह पर्व देखते ही देखते दुखद हादसे में बदल गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा