सर्पदंश से नौ वर्षीय बालिका की मौत, परिवार में मचा कोहराम

 


मीरजापुर, 11 जून (हि.स.)। जमालपुर थाना क्षेत्र के भमौरा गांव में सर्पदंश से एक नौ वर्षीय बालिका की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार भमौरा गांव निवासी कमलेश बियार की नौ वर्षीय पुत्री सोनाली बुधवार की रात भोजन करने के बाद परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर की छत पर सो रही थी। गुरुवार सुबह प्यास लगने पर वह पानी पीने के लिए नीचे उतरी। इसी दौरान हैंडपंप के पास बैठे एक जहरीले सर्प ने उसके पैर में डंक मार दिया। सर्पदंश के बाद बालिका की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जमालपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बालिका की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि सर्पदंश से बालिका की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा