संदिग्ध परिस्थितियों में युवती ने फांसी लगाकर दी जान, अगले महीने होनी थी शादी
मीरजापुर, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के नौगवां ग्राम पंचायत के अमहा गांव में मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में 20 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
अमहा निवासी स्वर्गीय सुखराज कोल की पुत्री सुमन ने अपने कच्चे मकान के बंडेर में प्लास्टिक की रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में फांसी लगाकर आत्महत्या की बात सामने आई है। युवती के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था और उसकी देखभाल चाचा देवनारायण करते थे।
परिजन के अनुसार युवती की शादी अगले माह 13 मई को प्रयागराज के बरमपुर दिघिया गांव में तय थी। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। थानाध्यक्ष भारत सुमन ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा