पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में युवती ने किया आत्महत्या का प्रयास,खाया जहरीला पदार्थ
देवरिया, 09 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय परिसर में गुरुवार को एक 19 वर्षीय युवती के जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया गया। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवती को तुरंत महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र निवासी एक युवती आज एसपी कार्यालय पहुंची। उसका आरोप है कि पिछले चार वर्षों से एक युवक के साथ उसका प्रेम संबंध था और उसने शादी का वादा किया था, लेकिन अब वह शादी से मुकर गया है। युवती का यह भी कहना है कि उसने इस मामले में कई बार स्थानीय थाने में शिकायत की, लेकिन वहां उसकी सुनवाई नहीं हुई और उस पर समझौते का दबाव बनाया जाता है।
इसी शिकायत को लेकर युवती एसपी कार्यालय पहुंची थी। उसने काफी देर तक अधिकारियों से मिलने का इंतजार किया, लेकिन जब उसकी बात नहीं सुनी गई तो वह निराश हो गई। इसी दौरान उसने परिसर में ही जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़ी।
घटना के बाद एसपी कार्यालय में मौजूद महिला पुलिसकर्मियों और अन्य स्टाफ ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही रामपुर कारखाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने युवती के परिजनों को भी सूचना दे दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों ने जांच के बाद उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक